लखनऊ, एक मई (भाषा) उत्तर प्रदेश टेंट कैटर्स एंड डेकोरेटर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार ने वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ाए जाने का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी से आम जनता और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
एक बयान में विजय कुमार ने कहा कि मई में विवाह समारोहों का सीजन होने के कारण कैटरिंग सेवाओं के ऑर्डर पहले ही पुराने दरों पर तय कर लिए गए हैं। ऐसे में अब सिलेंडर के दाम बढ़ने से पूरा बोझ कैटरर्स को उठाना पड़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने एक सोची-समझी रणनीति के तहत वाणिज्यिक सिलेंडरों के दाम एक साथ काफी बढ़ा दिए हैं।
उन्होंने कहा, “ऐसा लगता है कि व्यापारियों को सरकार के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इसका असर 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिलेगा।”
विजय कुमार ने कहा कि इस बढ़ोतरी का असर रेस्तरां, कैटरिंग व्यवसाय, ढाबों और चाय-समोसा जैसे छोटे व्यवसायों के साथ-साथ आने वाले महीनों में विवाह आयोजन करने वाले परिवारों पर भी पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि वाणिज्यिक सिलेंडर महंगा होने से सभी सेवाओं की लागत बढ़ेगी, जिससे महंगाई में तेजी आएगी और जनता में सरकार के प्रति असंतोष बढ़ सकता है।
एसोसिएशन ने सरकार से बढ़े हुए दाम वापस लेने की मांग की है। विजय कुमार ने बताया कि पहले सिलेंडर की कीमत लगभग 1,850 रुपये थी, बाद में यह बढ़कर 2,200 रुपये हो गई और अब इसे बढ़ाकर करीब 3,200 रुपये कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी बढ़ोतरी से आम जनता और व्यापारियों पर भारी आर्थिक दबाव पड़ेगा।
वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में शुक्रवार को अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई और 19 किलोग्राम के सिलेंडर पर 993 रुपये की वृद्धि हुई।
पश्चिम एशिया में संघर्ष से वैश्विक ऊर्जा कीमतों में वृद्धि के कारण यह लगातार तीसरी मासिक बढ़ोतरी है।
भाषा
आनन्द रवि कांत