मथुरा, 10 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस वे पर शनिवार तड़के हुए हादसे के आरोपी कंटेनर चालक को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यह दुर्घटना शनिवार तड़के उस समय हुई, जब दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक बस के चालक ने कुछ यात्रियों के कहने पर बस को रास्ते में रोक दिया और जैसे ही कुछ लोग बस से नीचे उतरे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें रौंद दिया।
इस घटना में छह यात्रियों की मौत हो गयी थी और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था।
मांट क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक आशीष शर्मा ने बताया कि घटना में छह यात्री मौके पर मारे गए थे और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था।
पुलिस ने इस मामले में कंटेनर चालक फिरोजाबाद निवासी दिनेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
उन्होंने बताया कि दिनेश को मंगलवार दोपहर तेहरा मोड़ से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र