उप्र : पीलीभीत में शॉर्ट सर्किट से गोदाम में लगी आग, शटर में बंद व्यक्ति की मौत

Ads

उप्र : पीलीभीत में शॉर्ट सर्किट से गोदाम में लगी आग, शटर में बंद व्यक्ति की मौत

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 09:09 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 09:09 PM IST

पीलीभीत, 28 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट के कारण एक गोदाम में भीषण आग लगने से अंदर सो रहे एक व्यक्ति की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

जहानाबाद थाने के प्रभारी प्रदीप बिश्नोई ने बताया कि यह घटना शनिवार सुबह कनकोर गांव में हुई। गांव निवासी कृष्ण कुमार के घर के बाहरी हिस्से में बने गोदाम में ओमकार (55) रात में सो रहा था। सुबह अचानक शॉर्ट सर्किट होने से गोदाम में आग लग गई। शटर बंद होने के कारण अंदर धुआं भर गया और गहरी नींद में सो रहे ओमकार जहरीले धुएं की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गोदाम का शटर खोला और आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

इसी बीच, शहर में स्थित एलएचएसएफ शुगर मिल के बाहर मुख्य मार्ग पर एक ट्रक में भीषण आग लग गई। नगर कोतवाली पुलिस के अनुसार मिल से बाहर निकलते ही ट्रक के केबिन और इंजन से धुआं उठने लगा, जो देखते ही देखते आग की लपटों में बदल गया।

स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। पुलिस के मुताबिक इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत