उप्र: ‘आप’ सांसद संजय सिंह से जुड़े मामले की सुनवाई टली

Ads

उप्र: ‘आप’ सांसद संजय सिंह से जुड़े मामले की सुनवाई टली

  •  
  • Publish Date - May 29, 2026 / 10:47 PM IST,
    Updated On - May 29, 2026 / 10:47 PM IST

सुलतानपुर, 29 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले की एक विशेष अदालत में आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह से जुड़े आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले की सुनवाई शुक्रवार को टल गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सांसद-विधायक (एमपी-एमएलए) अदालत में जांच अधिकारी के लगातार दूसरी बार उपस्थित न होने पर सुनवाई टल गयी।

अदालत ने सुनवाई के लिये 15 जून की तारीख तय की।

संजय सिंह के अधिवक्ता मदन प्रताप सिंह ने बताया कि जांच अधिकारी को शुक्रवार को बयान दर्ज कराने के लिए हाजिर होना था लेकिन वह नहीं आये।

उन्होंने बताया कि इससे पहले 20 मई को भी जांच अधिकारी अदालत में नहीं पहुंचे थे।

यह मामला 13 अप्रैल 2021 को त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान बंधुआकला थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में हुई एक चुनावी सभा से संबंधित है।

सिंह पर आरोप है कि उन्होंने जिला पंचायत सदस्य सलमा बेगम के समर्थन में बिना अनुमति सभा आयोजित कर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया गया था।

पुलिस ने इस मामले में संजय सिंह सहित 12 लोगों को नामजद करते हुए और 45 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद मकसूद अंसारी, सलीम अंसारी और जगदीश यादव समेत कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया हालांकि अन्य आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी है।

संजय सिंह के लगातार गैरहाजिर रहने पर अदालत ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था।

सिंह ने जुलाई 2024 में अदालत में आत्मसमर्पण किया और उन्हें दो जमानत मुचलकों पर रिहा कर दिया गया था।

भाषा जफर जितेंद्र

जितेंद्र