उप्र : प्रतापगढ़ में कार पर गिरा साइन बोर्ड का भारी खंभा, चालक की मौत
उप्र : प्रतापगढ़ में कार पर गिरा साइन बोर्ड का भारी खंभा, चालक की मौत
प्रतापगढ़, 16 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के अंतू क्षेत्र के बाबूगंज स्थित एक पेट्रोल पंप के पास चलती कार पर एक साइन बोर्ड का भारी खंभा गिरने से कार चला रहे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी।
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात पेट्रोल पंप मालिक और कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी क्षेत्र) शैलेन्द्र लाल ने सोमवार को बताया कि रविवार को अंतू थाना क्षेत्र के बाबूगंज स्थित पेट्रोल पंप के बिल्कुल नजदीक पर एक मशीन से साइन बोर्ड का खंभा खड़ा किया जा रहा था तभी अचानक उसका पट्टा टूट गया और वह भारी-भरकम खंभा वहां से गुजर रही एक कार पर गिर गया। इससे कार चला रहा 45 वर्षीय लाल बहादुर यादव स्टीयरिंग और सीट के बीच में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि आस-पास मौजूद लोगों ने दरवाजा तोड़ कर उसे बाहर निकाला और स्थानीय चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
लाल ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई विजय यादव की तहरीर पर अज्ञात पेट्रोल पंप मालिक और कर्मचारी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुछ लोगों ने मृतक को समाजवादी पार्टी का नेता बताया लेकिन पार्टी के जिला महासचिव अब्दुल कादिर जीलानी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत

Facebook


