सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), दो अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पहचान पत्र दिखाने के लिए कहे जाने पर हुए विवाद के बाद एक होटल के बाहर गोलीबारी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना 29 मार्च को देवबंद थाना क्षेत्र में राजमार्ग के पास स्थित एक होटल में हुई। कुछ लोग होटल पहुंचे और कमरे के बारे में पूछा लेकिन जब कर्मचारियों ने उनसे पहचान संबंधी दस्तावेज दिखाने को कहा तो उन्होंने इनकार कर दिया और कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर बहस करने लगे।
देवबंद के क्षेत्राधिकारी अभितेश सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आरोपी ने न केवल होटल कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उनसे अपशब्द कहे बल्कि होटल के बाहर गोलीबारी भी की जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
होटल मालिक की शिकायत के बाद देवबंद थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस ने तीन टीम गठित कीं और बुधवार की शाम को विवेक नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
सिंह ने बताया कि उसके पास से एक देशी तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर सिम्मी
सिम्मी