सुलतानपुर, 30 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के अखंडनगर थाने में तैनात निरीक्षक अरुण कुमार द्विवेदी को गोली लगने के मामले में प्रारंभिक जांच में इसे दुर्घटना बताया गया है।
लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रवीण कुमार ने सोमवार को घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि फॉरेंसिक विभाग की टीम के साथ जांच में यह सामने आया है कि घटना के समय निरीक्षक अपने कमरे में अकेले थे और सफाई कर रहे थे, तभी उन्हें गोली लग गई।
उन्होंने कहा कि मौके पर किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी का कोई साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह घटना एक दुर्घटनावश हुई है।
उल्लेखनीय है कि रविवार को पुलिस निरीक्षक अरुण कुमार द्विवेदी अपने आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से घायल हो गए थे। उन्हें गंभीर अवस्था में लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत