लखनऊ, 14 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने मंगलवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा और आगामी पर्व बिना किसी घटना व दुर्घटना के लक्ष्य के साथ सकुशल संपन्न कराया जाए।
कृष्ण ने पुलिस मुख्यालय में प्रदेश के सभी जोनल अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त, परिक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों (जनपद प्रभारियों) के साथ हुई ऑनलाइन उच्चस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक को संबोधित किया।
एक बयान के अनुसार, बैठक में आगामी त्योहारों एवं आयोजनों की तैयारियों, कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई, यक्ष ऐप की प्रगति, लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, थानों में खड़े वाहनों के निस्तारण, मिशन शक्ति केंद्रों की समीक्षा, गुमशुदा बच्चों की सकुशल बरामदगी तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।
पुलिस महानिदेशक ने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा और आगामी पर्वों के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि पूर्व में हुई घटनाओं की समीक्षा कर संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और लगातार निगरानी रखी जाए।
अधिकारी ने बताया कि सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित किया जाए और आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि सावन माह में होने वाली कांवड़ यात्राओं को बिना किसी घटना या दुर्घटना के लक्ष्य के साथ संपन्न कराया जाए और कांवड़ मार्गों, शिविरों, घाटों व प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि अदालत और शासन के निर्देशों के अनुरूप कांवड़ यात्रा में उपयोग किए जाने वाले डीजे की ऊंचाई व ध्वनि स्तर निर्धारित मानकों के अनुसार रखा जाए।
पुलिस महानिदेशक ने बैठक में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़े अन्य विषयों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भाषा आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र