फिक्की ने शुरू किया ‘फैमिली ऑफिस’ मंच, स्टार्टअप में 30 अरब डॉलर के निवेश की खुलेगी राह

Ads

फिक्की ने शुरू किया ‘फैमिली ऑफिस’ मंच, स्टार्टअप में 30 अरब डॉलर के निवेश की खुलेगी राह

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 07:48 PM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 07:48 PM IST

नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) उद्योग मंडल फिक्की ने मंगलवार को ‘फैमिली ऑफिस’ मंच शुरू किया। यह ‘फैमिली ऑफिस’ के लिए देश में पहला अलग से बना मंच है।

इस मंच का उद्देश्य देश में लगभग 300 ‘फैमिली ऑफिस’ में 30 अरब डॉलर से अधिक की पारिवारिक पूंजी के बढ़ते पूल को देश के स्टार्टअप और नवोन्मेष परिवेश में निवेश करना है।

उल्लेखनीय है कि ‘फैमिली ऑफिस’ एक निजी सलाहकार कंपनी है जो धनाढ़्य परिवारों की संपत्ति, निवेश और दैनिक वित्तीय मामलों का प्रबंधन करती है।

इस मंच को देश में बढ़ते ‘फैमिली ऑफिस’ आधार को स्टार्टअप परिवेश से जोड़ने के लिए बनाया गया है। यह बातचीत, सौदों और सह-निवेश के मौकों के लिए एक व्यवस्थित रूपरेखा प्रदान करता है।

इस मौके पर फिक्की स्टार्टअप समिति के प्रमुख और इन्फो एज के संस्थापक तथा कार्यकारी वाइस चेयरमैन संजीव भिखचंदानी ने कहा, ‘‘फैमिली ऑफिस भारत में पूंजी का एक बड़ा और बढ़ता हुआ हिस्सा है, लेकिन उनकी जरूरतें ठीक से पूरी नहीं हुई हैं…। जैसे-जैसे भारत आगे बढ़ेगा, फैमिली ऑफिस और बड़े और ज्यादा खास होते जाएंगे, इसीलिए इनके लिए एक खास मंच की जरूरत है, जहां वे विचारों का आदान-प्रदान कर सकें और साथ मिलकर काम कर सकें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘फैमिली ऑफिस देश की आर्थिक प्रगति के लिए पूंजी के एक एक पेशेवर स्रोत के तौर पर उभर रहे हैं, यही इस मंच के पीछे की सोच है।’’

भारत में ‘फैमिली ऑफिस’ की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वे स्टार्टअप और निजी बाजार में महत्वपूर्ण निवेशक बन रहे हैं, जो दीर्घकालिक पूंजी और नवोन्मेष के लिए एक रणनीतिक दृष्टिकोण लाने का काम कर रहे हैं।

भाषा

रमण अजय

अजय