पुणे में पाकिस्तानी गैंगस्टर से संपर्क के संदेह में एटीएस ने 66 लोगों से पूछताछ की

Ads

पुणे में पाकिस्तानी गैंगस्टर से संपर्क के संदेह में एटीएस ने 66 लोगों से पूछताछ की

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 07:28 PM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 07:28 PM IST

पुणे, 14 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने मंगलवार को पुणे जिले के 66 लोगों से पूछताछ की। इन सभी पर पाकिस्तान में मौजूद गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके साथियों के संपर्क में होने का संदेह है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एटीएस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, आशंका है कि भट्टी सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं के विचारों को प्रभावित कर उन्हें देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के लिए उकसा रहा था।

बयान में कहा गया है कि यह अभियान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जिसे पुणे शहर पुलिस, पुणे ग्रामीण पुलिस और पिंपरी चिंचवड पुलिस के सहयोग से संचालित किया गया।

एटीएस के मुताबिक, भट्टी अपने साथियों आबिद जट्ट उर्फ आबिद छाल, अजमल गुर्जर, हम्माद मेमन, राणा हुनैन और अशरफ बशीर आलम के साथ मिलकर फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया मंचों के जरिए भारतीय युवाओं से संपर्क साध रहा था।

यह समूह धार्मिक और सामाजिक रूप से संवेदनशील मुद्दों का फायदा उठाकर अपना प्रचार फैलाने और युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था। इसके अलावा, बेरोजगार युवाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को पैसों का लालच देकर देश विरोधी और असामाजिक गतिविधियों की ओर धकेलने का प्रयास भी किया जा रहा था।

एटीएस ने बताया कि यह गिरोह देश के भीतर छिपकर काम करने वाले गुर्गों या स्थानीय मददगारों का एक ऐसा नेटवर्क तैयार करना चाहता था, जिसके जरिए संवेदनशील जानकारियां जुटाई जा सकें और मादक पदार्थों तथा अवैध हथियारों की तस्करी को अंजाम दिया जा सके।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप