चंदौली, 15 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में पुलिस और विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने एक संयुक्त अभियान में एक ट्रक में अंग्रेजी शराब की 710 पेटियां बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बरामद शराब की कीमत 1.20 करोड़ रुपये आंकी गई है।
चंदौली (सदर) के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) देवेन्द्र कुमार ने बताया कि बरामद अवैध शराब की यह खेप नोएडा से चंदौली के रास्ते बिहार ले जाई जा रही थी।
उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बरठी कमरौर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास वाहनों की जांच के दौरान एक ट्रक को रोका और तलाशी के दौरान वाहन में पुट्टी की बोरियां मिलीं, जिसमें छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की 710 पेटियां बरामद हुईं।
अधिकारी ने बताया कि मौके से ट्रक चालक अली बख्श (27) निवासी दुमका जिला (झारखंड) को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा ट्रक के साथ चल रही महिंद्रा बोलेरो से सरताज अंसारी (40) देवघर जिला (झारखंड) को भी वाहन समेत पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं व आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र