उप्र : पीलीभीत में छात्रा से छेड़खानी के आरोप में प्राथमिक विद्यालय का शिक्षक निलंबित
उप्र : पीलीभीत में छात्रा से छेड़खानी के आरोप में प्राथमिक विद्यालय का शिक्षक निलंबित
पीलीभीत, 17 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के मरौरी ब्लॉक क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच की छात्रा से छेड़खानी के आरोप में एक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने बताया कि छात्रा के परिजनों ने शिकायत की थी कि कुछ दिन पहले शिक्षक मोहन स्वरूप छात्रा को विद्यालय के शौचालय में ले गया और उसके साथ अश्लील हरकत की।
उन्होंने बताया कि परिजनों के अनुसार आरोपी शिक्षक ने छात्रा को घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी।
सिंह ने कहा कि बाद में छात्रा ने अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि मामला सामने आने के बाद शिक्षक ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाया।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है और उसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत

Facebook


