मेरठ, 21 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ में तेज रफ्तार एक इनोवा कार ने पुलिस की गश्ती जीप को टक्कर मार दी, जिससे सात पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात हुई इस दुर्घटना में दो पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने कार में सवार युवक को हिरासत में लिया जबकि उसके साथ की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हादसा शनिवार रात करीब ढाई बजे दिल्ली रोड पर टीपी नगर गेट के सामने हुआ।
उन्होंने बताया कि उस समय ब्रह्मपुरी थाने की पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी।
अधिकारी ने बताया कि हनुमान मंदिर के पास तेज गति से आ रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर पुलिस के गश्ती वाहन से टकरा गई।
उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां खड़ी पुलिसकर्मियों की मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
भोसले ने बताया कि हादसे में सात पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें से पांच को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई जबकि गंभीर रूप से घायल दो पुलिसकर्मियों का अलग-अलग निजी अस्पतालों में इलाज जारी है।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र