उप्र: सपा विधायक विधान भवन परिसर में धरने पर बैठे
उप्र: सपा विधायक विधान भवन परिसर में धरने पर बैठे
लखनऊ, पांच अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश विधानसभा के मौजूदा मानसून सत्र से निलंबित समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक इंजीनियर सचिन यादव राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे को लेकर बुधवार को विधान भवन परिसर में स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने ‘दान पात्र’ लेकर धरने पर बैठ गए।
सचिन यादव के साथ धरने में शामिल सपा विधायक अतुल प्रधान और डॉक्टर मुकेश वर्मा समेत कई नेताओं ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया।
सचिन अपने हाथ में एक दान पात्र और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर वाला पोस्टर लेकर बैठे थे। इसी पोस्टर को मंगलवार को सदन के बीचों-बीच लहराने के कारण विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उन्हें मौजूदा मानसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया था।
पंकज मलिक, जय प्रकाश अंचल, आर. के. वर्मा और वीरेंद्र यादव समेत कई विधायकों ने सचिन यादव का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार आस्था से जुड़े इस मुद्दे पर सदन में चर्चा कराए।
सचिन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि लोक आस्था से जुड़े राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में भाजपा के जिन बड़े लोगों की संलिप्तता के आरोप हैं, उन पर चर्चा हो और सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम सत्र से निलंबित हैं और सदन के अंदर भी नहीं जा सकते, लेकिन हम निलंबन से डरने वाले नहीं हैं।’’
सचिन ने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि सरकार राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर नियम 311 के तहत सदन में चर्चा कराए और न्याय सुनिश्चित करे।’’
थोड़ी ही देर बाद बड़ी संख्या में सपा विधायक धरना स्थल पर पहुंच गए और उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी, आरक्षण न दिए जाने और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
सपा विधायक पंकज मलिक ने आरोप लगाया कि सरकार चढ़ावे की कथित चोरी में शामिल ‘‘बड़े लोगों’’ को बचा रही है।
उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार को शुरू हुआ था और सरकार ने मंगलवार को अनुपूरक बजट पेश किया था। यह सत्र बृहस्पतिवार तक चलेगा।
भाषा आनन्द सलीम
सिम्मी
सिम्मी

Facebook


