उप्र: ई-रिक्शा पर पलटा ट्रक, दो लोगों की मौत
उप्र: ई-रिक्शा पर पलटा ट्रक, दो लोगों की मौत
हमीरपुर, 13 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर बुधवार को ई-रिक्शा पर एक ट्रक के पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना हमीरपुर-सागर मार्ग पर कुंडरा गांव के पास उस समय हुई, जब ट्रक हमीरपुर से महोबा की ओर जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, चालक कथित तौर पर तेज गति के कारण ट्रक पर से नियंत्रण खो बैठा और सामने आ रहे ई-रिक्शा पर पलट गया।
पुलिस ने बताया कि सुमेरपुर के बड़ा कछार इलाके के रहने वाले ई-रिक्शा चालक बाली राम निषाद (35) और उनकी पत्नी संतोषी निषाद (32) की मौके पर ही मौत हो गई।
सुमेरपुर थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया जबकि घायलों का इलाज हमीरपुर के जिला अस्पताल में जारी है।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


