सुलतानपुर, सात फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के जयसिंहपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसके कारण मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। इस घटना में मृतक मामा-भांजे थे।
जयसिंहपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी आर के चतुर्वेदी ने बताया कि मृतकों की पहचान अमित कुमार (22) और रघुवीर (20) के रूप में हुई है।
दोनों शहर में मजदूरी करते थे और अपनी मोटरसाइकिल से दोस्तपुर से अपने घर लौट रहे थे। अमित मामा और रघुवीर उसका भांजा था।
यह घटना पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिंक रोड पर कालीगंज अंडरपास के पास की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सामने से आ रही एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बिरसिंहपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी चतुर्वेदी ने बताया कि गाड़ी नंबर के आधार पर घटना की जांच की जा रही है और मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत