सुलतानपुर (उप्र), 27 जुलाई (भाषा) सुल्तानपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग के बाईपास पर सोमवार को एक स्कूल बस ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिसमें एक किशोर की मौत हो गई और दूसरा युवक घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह सड़क दुर्घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में नकराही गांव के पास हुई।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान गोसाईगंज थाना क्षेत्र के भोंएं गांव के दिवस (12) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार घायल 22 वर्षीय अर्जुन को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया तथा हालत गम्भीर होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
भोंएं गांव के प्रधान योगेश कुमार ने बताया कि दिवस और अर्जुन आपस में चचेरे भाई हैं। उन्होंने कहा कि वे दोनों बर्फ खरीदकर घर लौट रहे थे, तभी स्कूल बस ने उन्हें टक्कर मार दी।
ग्राम प्रधान ने दिवस के परिवार को प्रशासन से मदद दिलाने की मांग की है। दिवस के पिता मछली पकड़ने का काम करते हैं।
कोतवाली देहात के थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि मृत किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
पुलिस इस पूरी घटना के सामने आए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर आवारा पशु घूमते दिखे, जिनसे बचने के प्रयास में बाइक सवार बस से टकरा गए।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है तथा जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं जफर
राजकुमार
राजकुमार