उन्नाव, 15 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में पति की मौत से क्षुब्ध एक महिला ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि खुदकुशी से पहले महिला ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें उसने पति के बिना जीवन अधूरा होने की बात कही।
पुलिस के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के पीडी नगर मोहल्ले की रहने वाली 30 वर्षीय एकता उर्फ आरती ने शनिवार सुबह अपने मायके में फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली।
पुलिस ने बताया कि एकता के पति आलोक की दो मार्च को हृदयगति रुकने से मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह गहरे सदमे और अवसाद में थी।
परिजन के अनुसार, शनिवार सुबह करीब आठ बजे एकता ने एक वीडियो बनाकर ‘फेसबुक’ पर साझा किया, जिसमें उसने कहा कि पति के बिना उसका जीवन अधूरा है और वह उनके बिना नहीं जी सकती।
परिजन ने बताया कि इसके कुछ देर बाद एकता ने अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार, एकता के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और उसकी कोई संतान भी नहीं थी।
पुलिस ने बताया कि पति की मौत के बाद वह अकेलेपन और मानसिक तनाव से गुजर रही थी।
सदर कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि मामले में किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या का खुलासा हुआ है।
मिश्र ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा सं सलीम जितेंद्र
जितेंद्र