उप्र: फोन पर बातचीत को लेकर नाराज पिता ने बेटी की हत्या की, गिरफ्तार

Ads

उप्र: फोन पर बातचीत को लेकर नाराज पिता ने बेटी की हत्या की, गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 06:50 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 06:50 PM IST

गोरखपुर, 15 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक पिता ने अपनी बेटी की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि वह फोन पर किसी लड़के से बातचीत किया करती थी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, शुरू में यह एक हादसा लग रहा था लेकिन रविवार को सच्चाई सामने आ गयी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी कमलेश भारती ने 13 मार्च को घर में हुई कहा-सुनी के बाद अपनी बेटी नेहा भारती (23) पर हंसिया से हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान कमलेश ने कबूल किया कि उसने अपनी बेटी को फोन पर किसी लड़के से बात करने के बारे में कई बार चेतावनी दी थी लेकिन जब वह नहीं मानी और उसने 13 मार्च को फिर उसे फोन पर बात करते देखा तो दोनों के बीच तीखी बहस हुई।

आरोपी ने पुलिस को बताया, “गुस्से में मैंने उसे थप्पड़ मारा। जब उसने जवाब में अपना हाथ उठाया, तो मैंने अपना आपा खो दिया और कमरे में रखे हंसिया से उस पर हमला कर दिया।”

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह भी कबूल किया कि उसने अपनी बेटी की गर्दन पर कई बार वार किए।

हमले के बाद कमलेश और उसकी पत्नी मिलकर नेहा को तुरंत एक अस्पताल ले गए और बाद में उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

शुरू में, परिवार ने दावा किया था कि नेहा गलती से फिसल गई थी और घर में रखे हंसिया पर गिर गई थी हालांकि घाव की प्रकृति को देखकर शक हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

चौरीचौरा के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और हमले में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया गया।

उन्‍होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र