उत्तर प्रदेश एटीएस ने फर्जी आधार गिरोह के सरगना को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया

Ads

उत्तर प्रदेश एटीएस ने फर्जी आधार गिरोह के सरगना को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 05:51 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 05:51 PM IST

लखनऊ, 29 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने बुधवार को कहा कि उसने रोहिंग्या, बांग्लादेशी, नेपाली और अन्य विदेशी नागरिकों के लिए फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार करने और फर्जी तरीके से आधार कार्ड प्राप्त करने में शामिल एक अंतरराज्यीय रैकेट के कथित सरगना को गिरफ्तार किया है।

यहां जारी एक बयान के मुताबिक, आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में रहमानपुर के रहने वाले सद्दाम के रूप में हुई है और उसे मंगलवार को मुरादाबाद में रघुनाथगंज से गिरफ्तार किया गया।

बयान में कहा गया है कि उसकी गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये का ईनाम घोषित था।

एटीएस के मुताबिक, आरोपी फर्जी तरीके से आधार कार्ड हासिल करने के लिए जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और स्कूल प्रमाण पत्र समेत फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह का मुख्य सदस्य है।

एजेंसी ने कहा कि इस रैकेट ने अधिकृत आधार नामांकन ऑपरेटर की ‘लॉगइन आईडी’ का भी दुरुपयोग किया और अवैध रूप से आवेदकों का नामांकन करने के लिए वीपीएन और ‘रिमोट एक्सेस’ का कथित तौर पर उपयोग किया।

एटीएस ने कहा कि उसने इस मामले के संबंध में पूर्व में रैकेट का भंडाफोड़ करके उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार से 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के बाद सद्दाम को ‘ट्रांजिट रिमांड’ पर उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है।

भाषा राजेंद्र जोहेब

जोहेब