लखनऊ, छह मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के आतंक रोधी दस्ते (एटीएस) ने आतंकी हमले की साजिश रचने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
बयान के मुताबिक, जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पाकिस्तान के एक गैंगस्टर के इशारे पर महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे।
एटीएस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुशीनगर निवासी कृष्णा मिश्रा (20) और बाराबंकी निवासी दानियाल अशरफ (23) के रूप में हुई है।
बयान में बताया गया कि एटीएस को सूचना मिली थी कि भारत व उत्तर प्रदेश में आतंक फैलाने के उद्देश्य से पाकिस्तान के आतंकवादी संगठनों द्वारा युवकों को स्लीपर सेल के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।
एटीएस ने बताया कि ये लोग संवेदनशील संस्थानों, पुलिस सस्थानों एवं पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की साजिश रहे थे।
बयान के मुताबिक, यह भी जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान की खुफिया एजेन्सी के निर्देश पर पाकिस्तानी गैंगस्टर “शहजाद भट्टी” व उसके आतंकी नेटवर्क से जोड़कर विभिन्न सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से युवाओं को हमले के लिए तैयार किया जा रहा था।
एटीएस ने बताया कि दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन में पाकिस्तानी नंबर सेव मिले हैं।
बयान के मुताबिक, “सोशल मीडिया के जरिए आरोपियों की वीडियो कॉल की जानकारी और वॉइस नोट्स मिले हैं। व्हाट्सएप ग्रुप कॉल के जरिए संदिग्ध विदेशी नंबरों से बातचीत कर देशविरोधी साजिशें रची जा रही थीं।”
भाषा जफर जितेंद्र
जितेंद्र