लखनऊ, 25 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने राज्य इकाई के पदाधिकरियों की सूची जारी की है, जिसमें 19 उपाध्यक्ष और आठ महासचिव बनाये गये हैं। पार्टी की ओर से जारी सूची में इसकी जानकारी दी गयी है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची के अनुसार राज्य में 19 उपाध्यक्ष, आठ महामंत्री और 19 मंत्री बनाए गए हैं।
इसके मुताबिक इसी तरह पश्चिम, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर के लिये क्षेत्रीय अध्यक्ष भी घोषित किए गए हैं।
सूची में कहा गया है कि प्रदेश महामंत्री बनाये गये नेताओं में रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी शामिल है ।
इसके अनुसार, उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त होने वाले नेताओं में पूजा पाल, सुरेश राणा, नीरज सिंह और सत्यपाल सैनी सहित अन्य नेता शामिल हैं ।
सूची में कहा गया है कि जिन लोगों को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है उनमें नवाब सिंह नागर – क्षेत्रीय अध्यक्ष (पश्चिम), पूरन लाल लोधी – क्षेत्रीय अध्यक्ष (ब्रज), राम किशोर साहू – क्षेत्रीय अध्यक्ष (कानपुर), अवधेश द्विवेदी – क्षेत्रीय अध्यक्ष (अवध), अशोक चौरसिया – क्षेत्रीय अध्यक्ष (काशी), और विनोद राय – क्षेत्रीय अध्यक्ष (गोरखपुर) शामिल हैं ।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी के नवनियुक्ति पदाधिकारियों को बधाई दी है।
उन्होंने एक्स पर लिखा, ”भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”
उन्होंने कहा, ”पूर्ण विश्वास है कि आप सभी आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने, राष्ट्र प्रथम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा जनसेवा के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करेंगे।”
उन्होंने कहा कि आप सभी के सफल कार्यकाल के लिए अनंत मंगलकामनाएं।
भाषा जफर रंजन मनीषा रंजन
रंजन