लखनऊ, 24 जून (भाषा) लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने यहां अलीगंज इलाके में सोमवार को एक इमारत में आग लगने की घटना में 15 लोगों की मौत के मामले में अपने 25 मौजूदा और पूर्व अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश की है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि प्राधिकरण ने इस मामले में अपने अधिकारियों की भूमिका की जांच के लिए एक आंतरिक जांच समिति बनाई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने प्रान्तीय लोकसेवा (पीएएस) के छह वरिष्ठ अधिकारियों और 19 अभियंताओं की पहचान की है। वे संबंधित क्षेत्र में जोनल अधिकारी, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता के तौर पर तैनात थे तथा इस मामले में उनकी जिम्मेदारी बनती है। हमने सरकार से उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश की है।’’
अलीगंज की जिस तीन मंजिला इमारत में सोमवार को भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत हुई उसका नक्शा रिहायशी इस्तेमाल के लिये मंजूर किया गया था लेकिन उसका प्रयोग वाणिज्यिक कार्यों में किया जा रहा था।
भाषा सलीम राजकुमार
राजकुमार