पीलीभीत, 20 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में शुक्रवार सुबह हरदोई शाखा नहर से पुलिस ने एक युवती का कंकाल बरामद किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार चित्तरपुर पुल के पास नहर में तैरते मिले इस कंकाल की पहचान माधोटांडा थाना क्षेत्र के कलीनगर निवासी रमेश राजपूत की पुत्री रोशनी (18) के रूप में हुई है, जो अपने घर से पिछले 82 दिनों से लापता थी।
माधोटांडा थाना के प्रभारी अशोक पाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजकर पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है।”
उन्होंने कहा कि 82 दिनों तक पानी में रहने के कारण शरीर पूरी तरह गल चुका था और केवल हड्डियों का ढांचा ही शेष बचा था।
माधोटांडा थाना पुलिस के अनुसार, कलीनगर निवासी रोशनी 28 दिसंबर, 2025 को परिजनों से कहासुनी के बाद घर से चली गई थी। वह सीधे चित्तरपुर पुल पहुंची और उसने हरदोई ब्रांच नहर में छलांग लगा दी। उस समय परिजनों और स्थानीय प्रशासन ने युवती को बचाने और खोजने के लिए काफी प्रयास किए थे। गोताखोरों की मदद भी ली गई, लेकिन कई दिनों की खोज के बाद भी रोशनी का कोई पता नहीं मिल पाया था।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह पूर्वाह्न 10 बजे स्थानीय लोग चित्तरपुर पुल के पास से गुजर रहे थे। तभी उन्हें नहर के किनारे झाड़ियों और पानी के बीच एक मानव कंकाल फंसा हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंकाल को नहर से बाहर निकलवाया।
मौके पर पहुंचे रोशनी के पिता रमेश राजपूत और परिवार के अन्य सदस्यों ने कंकाल के साथ मिले कपड़ों तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान रोशनी के रूप में की।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत