उप्र : इटावा में रोडवेज बस की टक्‍कर से भाई की मौत, बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल

Ads

उप्र : इटावा में रोडवेज बस की टक्‍कर से भाई की मौत, बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 08:12 PM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 08:12 PM IST

इटावा (उप्र), 14 सितंबर (भाषा) इटावा जिले के बसरेहर थाना इलाके में सोमवार अपराह्न तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसकी बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार इटावा-फर्रुखाबाद-बरेली राजमार्ग पर बसरेहर थाना क्षेत्र में एक व्‍यक्ति अपनी बड़ी बहन को मोटरसाइकिल से उसकी ससुराल पहुंचाने जा रहा था। उसी समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

थाना प्रभारी बलराज भाटी ने बताया कि बाईपास पर हुए इस हादसे में अशोक कुमार (45) निवासी ग्राम ऊमरसैंडा थाना भरथना की मौके पर मौत हो गई। हादसे अशोक की बड़ी बहन माया देवी गंभीर रूप से घायल हो गई।

उन्होंने बताया कि अशोक अपनी बड़ी बहन को बसरेहर थाना क्षेत्र में गांव अड्डा बिहारी में उसकी ससुराल छोड़ने बाइक से जा रहा था।

भाटी ने बताया कि हादसे में घायल माया देवी को सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है तथा मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाषा सं आनन्द धीरज

धीरज