इटावा (उप्र) 13 सितंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता राम गोपाल यादव ने रविवार को सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में हालात ‘‘आपातकाल से भी बदतर’’ है और लोग आपराधिक मामलों एवं जेल जाने के डर से अपनी बात कहने से डरते हैं।
यहां ”जायंट्स फाउंडेशन वेलफेयर फोरम” के एक कार्यक्रम मे बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे यादव ने पत्रकारों से बातचीत में राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर गैंगस्टर कानून और अन्य कानूनों के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘मामलों में फंसाए जाने और जेल जाने के डर से लोग खुलकर बोल नहीं पा रहे हैं। निर्दोष लोगों को आपराधिक मामलों में फंसाया जा रहा है और उनके घरों तथा संपत्तियों को सील किया जा रहा है।’’
राज्यसभा सदस्य ने दावा किया, ‘‘पूरे राज्य में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति है। ऐसे माहौल में न्यायाधीश भी डरे हुए हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ”भाजपा नीत सरकार गैंगस्टर कानून के नाम पर पुलिसिया कार्यवाही के दौरान लोगों को अपाहिज बनाकर उनका जीवन बरबाद कर रही है।”
उन्होंने खाद्य पदार्थों में मिलावट और नकली दवाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनके इस्तेमाल से कैंसर और किडनी संबंधी गंभीर बीमारियां बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा, ”अगर लोग सावधान नहीं हुए और आर्थिक लाभ के लिये नकली दवाएं बनाई गईं या खाने-पीने की चीजों में मिलावट हुई तो परिणाम भयावह होंगे।”
सपा नेता ने कहा कि ”आज देश मे जितना दूध पैदा होता है, उससे कहीं ज्यादा पनीर बिकता है। किसी भी समारोह में जाइये पनीर हर जगह मिलेगा, लेकिन जानकर लोग पनीर नहीं खाते हैं।”
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर सपा नेता ने कहा कि इस सम्मेलन के कोई खास परिणाम सामने नहीं आए। उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन और ईरान से जुड़े संकट को खत्म कराने की दिशा को लेकर काम किया जाता तो बेहतर असर पड़ता।
यादव ने कहा, ‘‘युद्ध की वजह से विश्व की अर्थव्यवस्था पर प्रभाव पड़ रहा है। सरकार कुछ भी दावा करे, उसे कोई रोक नहीं सकता, लेकिन सरकार की कूटनीति असफल रही है।’’
अगले वर्ष राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की स्थिति काफी मजबूत है और यदि सब कुछ ठीक रहा तो भाजपा सपा के सामने टिक नहीं पायेगी।
भाषा सं आनन्द आशीष
आशीष