हरदोई, तीन फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में हरदोई–लखनऊ राजमार्ग पर कटिया मऊ गांव के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार निजी बस ने एक कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसके कारण बस चालक की मौत हो गयी जबकि नौ यात्री घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर राजमार्ग किनारे खाई में जा गिरी, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को जिले के कोतवाली कछौना क्षेत्र के अंतर्गत हरदोई–लखनऊ राजमार्ग के पास हरदोई से लखनऊ जा रही बस तेज गति में थी। इसी दौरान मल्हपुर रेलवे क्रॉसिंग की ओर से आ रहा एक कंटेनर जैसे ही लखनऊ की दिशा में मुड़ा, बस चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और यह दुर्घटना हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) सुबोध गौतम ने बताया कि हादसे के वक्त बस में 30 से 35 यात्री सवार थे। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर दुर्घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस की मदद से तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को बस से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद बस चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बस की बॉडी काटकर चालक को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने बस चालक राजू उर्फ गोपाल (45) को मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे में बस के नौ यात्री घायल हो गये जिनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। इनमें से सात यात्रियों को गंभीर चोटें आयी हैं।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत