उप्रः एएमयू अस्पताल में रेजिडेंट डॉक्टर और तीमारदारों के बीच झड़प से आपातकालीन सेवाएं बाधित

Ads

उप्रः एएमयू अस्पताल में रेजिडेंट डॉक्टर और तीमारदारों के बीच झड़प से आपातकालीन सेवाएं बाधित

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 05:58 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 05:58 PM IST

अलीगढ़, छह मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मंगलवार देर रात हुई झड़प में एक रेजिडेंट डॉक्टर और मरीजों के परिजनों सहित कम से कम चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

‘रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन’ (आरडीए) के घटना के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल करने से ट्रॉमा सेंटर में आपातकालीन सेवाएं बाधित हुईं।

पिछले दो सप्ताह में अस्पताल में यह दूसरी ऐसी घटना है, जिससे आपातकालीन सेवाओं में बड़ा व्यवधान उत्पन्न हुआ है।

एसोसिएशन ने एक बयान में आरोप लगाया कि घटना में एक महिला चिकित्सक सहित दो चिकित्सक घायल हो गए और कथित लापरवाही के लिए विश्वविद्यालय के एक सुरक्षा कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

वहीं शबाना बेगम नाम की मरीज के संबंधी मोहम्मद अरीब ने चिकित्सक पर उनसे दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया।

अरीब ने संवाददाताओं से कहा, “उसने (चिकित्सक) गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और जल्द ही अन्य चिकित्सक भी उनपर हमलावर हो गये।”

अफरा-तफरी के बीच आपातकालीन इलाज के लिए पहुंचे कई गंभीर रूप से बीमार मरीजों को वापस लौटना पड़ा।

एएमयू प्रॉक्टर नावेद खान ने बताया कि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गए और स्थिति को शांत करने की कोशिश की। उन्होंने कहा, “हमें दोनों मरीजों के परिवारों और रेजिडेंट डॉक्टर से बयान प्राप्त हुए हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

खान ने कहा कि स्थिति की समीक्षा के लिए विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की एक बैठक जारी है।

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों ने सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र