बहराइच, 29 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में सोमवार शाम एक दलित महिला कांस्टेबल का शव फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कैसरगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) डी.के. श्रीवास्तव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हुजूरपुर थाने के स्टाफ रूम में आरक्षी ज्योति पासवान (28) का शव फंदे से लटके होने की सूचना मिली थी।
श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने कमरे का दरवाजा खोलकर शव को नीचे उतारा।
उन्होंने बताया कि मौके पर बुलाए गए चिकित्सक ने जांच के बाद ज्योति को मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी के अनुसार, 2019 बैच की ज्योति पासवान मूल रूप से महाराजगंज जिले की निवासी थीं, जबकि उनका परिवार वर्तमान में कानपुर में रहता है।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ और आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र