उप्र : स्कूल बस से टक्कर में ई-रिक्शा चालक की मौत, नौ शिक्षक और चार छात्र घायल
उप्र : स्कूल बस से टक्कर में ई-रिक्शा चालक की मौत, नौ शिक्षक और चार छात्र घायल
देवरिया (उप्र), 11 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में मंगलवार को एक स्कूल बस और ई-रिक्शा की टक्कर में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई और नौ शिक्षकों व चार स्कूली बच्चों सहित 13 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह हादसा मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गौरी बाजार थाना इलाके में हाटा-गौरी बाजार रोड पर देवगांव क्रॉसिंग के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, एसबीटी पब्लिक स्कूल की बस शिक्षकों को स्कूल ले जा रही थी, तभी अचानक उसका आगे का बायां टायर फट गया। बस चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस ने आगे चल रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। बस चालक की पहचान प्रवीण यादव के रूप में हुई है।
हादसे में घायल 13 लोगों को अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बिशनपुर निवासी ई-रिक्शा चालक अकबर अली (40) हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रुद्रपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सत्येंद्र राय ने कहा कि कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है और हादसे की वजह बनी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
भाषा सं आनन्द गोला
गोला

Facebook


