उप्र: हरिद्वार तक होगा गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार, मंत्रिमंडल ने दी मंजूरी

Ads

उप्र: हरिद्वार तक होगा गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार, मंत्रिमंडल ने दी मंजूरी

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 08:45 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 08:45 PM IST

लखनऊ, 25 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने प्रयागराज और हरिद्वार के बीच तेज एवं नियंत्रित एक्सप्रेसवे संपर्क विकसित करने के लिए गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक विस्तार देने के प्रस्ताव को मंगलवार को मंजूरी दे दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे छह लेन का होगा, जिसे भविष्य में आठ लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा।

परियोजना पर करीब 10,761 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना में केंद्र सरकार की किसी तरह की वित्तीय भागीदारी अपेक्षित या प्रस्तावित नहीं है।

मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने समेत आगे की आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, उत्तराखंड सीमा से लगे बिजनौर जिले से हरिद्वार जाने के लिए फिलहाल प्रमुख रूप से मेरठ-बिजनौर-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग उपलब्ध है।

बयान में बताया गया कि गंगा एक्सप्रेसवे के हरिद्वार तक विस्तार से बिजनौर से हरिद्वार तक आवागमन बेहतर एवं तेज होगा।

बयान के मुताबिक, प्रस्ताव के तहत प्रयागराज-हरिद्वार के बीच एक्सप्रेसवे गलियारा विकसित किया जाएगा।

बयान में बताया गया कि गंगा एक्सप्रेसवे के हरिद्वार तक पहुंचने से प्रयागराज और हरिद्वार के बीच प्रवेश नियंत्रित एक्सप्रेसवे नेटवर्क के जरिए तेज एवं सुगम यातायात सुविधा विकसित होगी।

अधिकारियों ने बताया कि इससे धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए दोनों धार्मिक नगरियों के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

भाषा सलीम जितेंद्र

जितेंद्र