उप्र : तालाब से बरामद हुआ पुलिसकर्मी का शव

Ads

उप्र : तालाब से बरामद हुआ पुलिसकर्मी का शव

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 03:26 PM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 03:26 PM IST

बलिया (उप्र), 14 सितंबर (भाषा) बलिया जिले के बांसडीह रोड थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी का शव सोमवार को संदिग्ध हालात में एक तालाब से बरामद किया गया।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि बांसडीह कोतवाली में तैनात आरक्षी परितोष मिश्रा का शव पूर्वाह्न करीब 10 बजे बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के छाता मोड़ पर स्थित एक तालाब में मिला।

उन्होंने बताया कि मिश्रा गत 13 सितंबर को इलाहाबाद उच्च न्यायालय में एक जमानत याचिका के सिलसिले में पुलिस विभाग की तरफ से प्रति शपथ पत्र दाखिल करने जा रहे आरक्षी शिवगोपाल पाल को बलिया रेलवे स्टेशन पर छोड़ने के लिए अपने निजी मोटरसाइकिल से बलिया गये थे।

सिंह ने बताया कि परितोष मिश्रा ने बलिया से वापसी के दौरान बांसडीह रोड थाने में तैनात कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भोजन किया और अपने साथियों से कहकर मोटरसाइकिल से रवाना हुए कि रात में गश्त ड्यूटी पर जाना है।

उन्होंने बताया कि मिश्रा रात में ड्यूटी के लिए निर्धारित समय पर बांसडीह थाने पर उपस्थित नहीं हुए जिसके बाद उनकी तलाश की जा रही थी लेकिन आज एक तालाब में उनका शव मिला।

पुलिस अधीक्षक सिंह ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

भाषा सं. सलीम धीरज

धीरज