नयी दिल्ली, 14 सितंबर (भाषा) इन्फो एज (इंडिया) लिमिटेड ने सोमवार को शीर्ष स्तर पर बदलाव करते हुए हिमांशु अग्रवाल को मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) और पूर्णकालिक निदेशक नियुक्त किया।
कंपनी ने एडोब इंडिया के पूर्व प्रबंध निदेशक नरेश चंद्र गुप्ता को स्वतंत्र निदेशक भी नियुक्त किया है।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि अग्रवाल की नियुक्ति 17 सितंबर, 2026 से प्रभावी होगी।
अंबरिश रघुवंशी ने नवंबर, 2025 में अंतरिम सीएफओ का पद संभाला था। रघुवंशी 31 अक्टूबर, 2026 तक वित्त सलाहकार और वरिष्ठ प्रबंधन कार्मिक के रूप में काम करते रहेंगे ताकि नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
कंपनी ने नरेश चंद्र गुप्ता को अतिरिक्त निदेशक भी नियुक्त किया है और उन्हें एक अक्टूबर, 2026 से पांच साल के लिए गैर-कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक के रूप में नामित किया है।
गुप्ता मार्च, 2023 तक इन्फो एज के निदेशक मंडल में रह चुके हैं।
भाषा योगेश अजय
अजय