दिल्ली में अनधिकृत इमारतों के खिलाफ जारी अभियान के तहत एमसीडी ने कार्रवाई की: अधिकारी

Ads

दिल्ली में अनधिकृत इमारतों के खिलाफ जारी अभियान के तहत एमसीडी ने कार्रवाई की: अधिकारी

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 03:54 PM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 03:54 PM IST

नयी दिल्ली, 14 सितंबर (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने अनधिकृत और खतरनाक इमारतों के खिलाफ जारी अपने अभियान के तहत सोमवार को गांधी नगर और मयूर विहार समेत राष्ट्रीय राजधानी में तोड़फोड़ की कार्रवाई की।

अधिकारियों ने बताया कि एमसीडी ने गांधी नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत धर्मपुरा में अवैध रूप से निर्मित तीन मंजिला इमारत पर कार्रवाई की।

उन्होंने कहा कि पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज 2 के साथ-साथ सत्या निकेतन समेत दक्षिण क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी तोड़फोड़ का अभियान जारी रहा।

इससे एक दिन पहले एमसीडी ने अपने 12 जोन में तोड़फोड़ की 11 कार्रवाई कीं और चार संपत्तियां सील की थीं। रविवार की कार्रवाई के साथ ही एमसीडी एक सितंबर से अब तक तोड़फोड़ की 213 कार्रवाई कर चुकी है जबकि 109 संपत्तियां सील की जा चुकी हैं।

सत्य निकेतन में छह सितंबर को पेइंग गेस्ट (पीजी) आवास वाली एक इमारत ढहने से सात लोगों की मौत होने के बाद अभियान को तेज कर दिया गया था।

रविवार को, गांधी नगर में अचानक झुकी चार मंजिला इमारत खाली करा ली गई और एमसीडी ने इसके मालिक को स्वेच्छा से ढांचा गिराने का निर्देश दिया। एमसीडी ने कहा था कि यदि मालिक तोड़फोड़ नहीं करता तो वह लागू प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू करेगी।

एमसीडी ने कहा है कि खतरनाक और अनधिकृत इमारतों तथा दिल्ली के मास्टर प्लान और भवन संबंधी नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई सभी 12 जोन में जारी रहेगी।

भाषा जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल