उप्र: लखनऊ में धूप खिली, प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का अनुमान
उप्र: लखनऊ में धूप खिली, प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का अनुमान
लखनऊ, 28 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को धूप खिली रही और अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछार पड़ने का अनुमान जताया।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को मुजफ्फरनगर में 9.0 मिलीमीटर और मेरठ में 5.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मुरादाबाद में हल्की बारिश हुई जबकि इन स्थानों के अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में बारिश दर्ज नहीं हुई।
इस बीच, प्रदेश में लगातार हुई बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और निगरानी कार्य तेज कर दिए हैं।
सरकार ने सोमवार को जारी एक बयान के मुताबिक, नगर विकास और ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।
बयान में बताया गया कि जलभराव वाले इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी तथा पानी उतरने के बाद तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संक्रामक बीमारियों के खतरे को रोका जा सके।
प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विभागीय समीक्षा बैठक में जलभराव, जल निकासी, स्वच्छता और बीमारियों की रोकथाम के इंतजामों का जायजा लिया।
उन्होंने आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहरी क्षेत्रों में सफाई और जनसुविधाओं को बेहतर करने तथा प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।
शर्मा ने प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने के लिए अतिरिक्त मशीनरी, उपकरण और कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए।
भाषा सलीम जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


