उप्र : भाजपा नेता के होटल में मारपीट के मुख्य आरोपी ने महाराष्ट्र में शादी की, वीडियो वायरल

Ads

उप्र : भाजपा नेता के होटल में मारपीट के मुख्य आरोपी ने महाराष्ट्र में शादी की, वीडियो वायरल

  •  
  • Publish Date - February 6, 2026 / 01:36 PM IST,
    Updated On - February 6, 2026 / 01:36 PM IST

शाहजहांपुर (उप्र) छह फरवरी (भाषा) भाजपा के एक स्थानीय नेता ने शुक्रवार को दावा किया कि यहां स्थित उनके होटल पर हुए हमले के मुख्य आरोपी ने महाराष्ट्र के सतारा जिले में एक विवाह भवन परिसर में शादी कर ली और शहर में मौजूद उत्तर प्रदेश पुलिस की एक टीम उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी।

अक्षय कदम पर भाजपा नेता के होटल में मारपीट करने और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने का आरोप है तथा आरोपी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है।

आरोपी के विवाह का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, हालांकि ‘पीटीआई-भाषा’ वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं कर सकी है।

इस बीच, शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने कहा, ‘‘हम आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लेंगे और हमारी टीम महाराष्ट्र में मौजूद है।’’

द्विवेदी ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि थाना तिलहर अंतर्गत नगरिया मोड़ स्थित एक होटल में मारपीट करने के पांच आरोपियों में से दो को जेल भेजा जा चुका है, जबकि तीन अन्य फरार हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी पुलिस टीम सतारा में मौजूद है और उसके छापा मारने से पहले ही आरोपी मौके से भाग गया। हम जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगे।’’

स्थानीय भाजपा नेता दिवाकर सिंह ने बताया कि उनके होटल में हुई मारपीट की घटना के मुख्य आरोपी अक्षय कदम ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के सतारा जिले के एक विवाह भवन परिसर में शादी की। उन्होंने दावा किया कि हालांकि, उप्र की पुलिस की टीम महाराष्ट्र में मौजूद थी और ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं।

अक्षय कदम तथा उसके साथियों पर 19 दिसंबर की रात होटल में मारपीट तथा तोड़फोड़ करने का आरोप है। मौके पर पहुंची पुलिस से भी आरोपियों ने अभद्रता की तथा एक गार्ड को कार में डालने की कोशिश की।

भाषा

सं आनन्द सुभाष

सुभाष