उप्र : गाजीपुर में नहर में डूबने से दो भाइयों की मौत

Ads

उप्र : गाजीपुर में नहर में डूबने से दो भाइयों की मौत

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 06:41 PM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 06:41 PM IST

गाजीपुर, 21 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के शादियाबाद थाना क्षेत्र के कनुवान गांव में बृहस्पतिवार को नहर में डूबने से दो नाबालिग भाइयों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार जग्गू कनौजिया के बेटे किशन कनौजिया (14) और शिवराज कनौजिया (13) अपने छोटे भाई अनंतराज कनौजिया के साथ नहर में नहाने गए थे, तभी यह हादसा हो गया।

नहाने के दौरान शिवराज अचानक नहर के तेज बहाव में बहने लगा और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में बड़ा भाई किशन भी नहर में कूद गया, लेकिन वह भी पानी के तेज बहाव में डूब गया।

नहर के बाहर मौजूद अनंतराज ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों भाइयों को पानी से बाहर निकाला।

पुलिस ने बताया कि दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जखनिया के उपजिलाधिकारी अतुल कुमार ने घटना को अत्यंत दुखद बताया और कहा कि राज्य सरकार शोक संतप्त परिवार को उचित सहायता प्रदान करेगी।

पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाषा

सं, जफर रवि कांत