बलिया (उप्र) 26 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के हल्दी क्षेत्र में नौ साल की दलित लड़की के साथ उसके गांव के दो नाबालिग लड़कों द्वारा बलात्कार किये जाने का कथित मामला सामने आया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हल्दी थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले एक व्यक्ति की तहरीर पर सोमवार को दो लड़कों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि तहरीर में उल्लेख किया गया है कि शिकायतकर्ता की नौ साल की पुत्री के साथ उसके गांव के ही दो लड़कों ने गत 23 मई की शाम को गांव के बाहर बकरी चराते समय बेल का लालच देकर उससे बलात्कार किया।
बैरिया क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि आरोपी दोनों लड़के 11 से 12 वर्ष आयु के हैं और वे लड़की को पहले से ही जानते थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को लड़की को मेडिकल जांच के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा है।
कुरैशी ने बताया कि लड़की का बलिया के एक स्थानीय न्यायालय में बयान दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं सलीम मनीषा रंजन
रंजन