बलिया, छह सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के दुबहर थाना क्षेत्र में रविवार को बाढ़ के पानी में डूबने से दो नाबालिग लड़कों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, रघुनाथपुर गांव के पांच दोस्त दो मोटरसाइकिलों से रविवार दोपहर दुबहर-बलिया बंधा स्थित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाले मार्ग पर टेकार पुलिया (मां काली मंदिर) माधोमठ के पास पहुंचे थे।
पुलिस ने बताया कि चार दोस्त बाइक खड़ी कर बाढ़ के पानी में नहाने लगे, जबकि पांचवां दोस्त सड़क पर ही खड़ा रहा।
पुलिस के अनुसार, नहाने के दौरान चारों दोस्त डूबने लगे, जिसके बाद बाहर खड़े युवक ने उन्हें डूबता देख शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने बताया कि लोगों की मदद से दो युवकों को बचा लिया गया जबकि दो नाबालिग लड़के डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
दुबहर थाना प्रभारी अनुपम जायसवाल ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम के प्रयास से डूबे लड़कों के शव बरामद कर लिए गए।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अभिषेक गौड़ (17) और अनीस अंसारी (16) के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र