सहारनपुर, 18 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नागल इलाके में 32 वर्षीय एक महिला अपने घर पर मृत पाई गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि सविता नामक एक महिला का शव बुधवार रात नागल स्थित सुभरी मेहराब गांव में उसके घर से बरामद किया गया। इस घटना के समय उसका पति ललित दो दिनों के लिए काम के सिलसिले में रामपुर गया था।
नागल थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया, ”बुधवार शाम को कुछ ग्रामीणों ने ललित के ठेकेदार को फोन करके बताया कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब है। जब ललित उसी रात घर लौटा तो उसने सविता को मृत पाया।”
उन्होंने बताया कि इसके फौरन बाद महिला के परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उसकी हत्या किये जाने का आरोप लगाया।
थाना प्रभारी सिंह ने कहा, ”शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है लेकिन अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। महिला की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा।”
भाषा
सं, सलीम, रवि कांत रवि कांत