बहराइच (उप्र), 23 सितंबर (भाषा) बहराइच जिले में नेपाल से सटे रुपईडीहा क्षेत्र में पुलिस से हुई मुठभेड़ में वाहन चोरी गिरोह का एक सदस्य घायल हो गया और उसके दो नेपाली साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि 22-23 सितंबर की दरमियानी रात को पुलिस को वाहन चोरी करने वाले गिरोह के कुछ सदस्यों के मोटरसाइकिल से जैतापुर से चिकनिया जाने वाले रास्ते होकर नेपाल जाने की फिराक में होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने चिकनिया मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध लोग आते दिखायी दिये और पुलिस के रोकने का प्रयास करने पर उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर गोली चला दी।
श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की जिसमें अब्दुल सलाम के पैर में गोली लग गयी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार करके उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि सलाम के नेपाली मूल के दो साथी नेपालगंज निवासी राजू जसगढ़ और मोहम्मद जुनैद मौके से फरार हो गये, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी के कब्जे से एक अवैध हथियार तथा एक कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर चोरी की कुल 12 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपी चोरी के वाहनों को एकत्र कर उन्हें नेपाल ले जाने की फिराक में थे, जिन्हें बहराइच और आसपास के जिलों से चोरी किया गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब्दुल सलाम के खिलाफ रुपईडीहा थाने में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, भारतीय दंड विधान तथा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में पहले से ही नौ मामले दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि राजू जसगढ़ के खिलाफ नेपाल में चार और मोहम्मद जुनेद के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू की है।
भाषा सं. सलीम शफीक
शफीक