बहराइच (उप्र), 18 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बहराइच में शुक्रवार को अपने छप्पर के मकान में अकेली सो रही 86 वर्षीय महिला की तेंदुए के हमले में मौत हो गई।
सुजौली थाने के अंतर्गत आने वाले सीतारामपुरवा गांव में एक नहर के पास फूलावती के घर से कुछ ही दूरी पर उनका आंशिक रूप से खाया हुआ शव मिला।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अपूर्वा दीक्षित ने बताया कि पंजों के निशान और घटनास्थल के निरीक्षण से पुष्टि हुई है कि उनकी मौत तेंदुए के हमले के कारण हुई।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि हमले के बाद रात करीब तीन बजे महिला चिल्लाई, जिसके बाद वे बाहर आए और तेंदुए को देखा।
उन्होंने कहा कि घर में कोई उचित दरवाजा नहीं था और वह केवल कपड़े के पर्दे से ढका हुआ था।
फूलावती की पोती सुदामा देवी ने बताया कि परिवार का पुराना घर पिछले साल घाघरा नदी के कटाव में बह गया था और फूलावती को सरयू नहर के किनारे छप्पर की झोपड़ी में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा था क्योंकि सिंचाई विभाग ने पक्के मकान के निर्माण की अनुमति नहीं दी थी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दीक्षित ने कहा कि वन विभाग ने 10,000 रुपये की तत्काल सहायता प्रदान की है, जबकि पांच लाख रुपये के सरकारी मुआवजे के लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की अनुमति मांगी गई है।
भाषा सं जफर जोहेब
जोहेब