बिजनौर में छह महीने बाद ससुराल लौटी पत्नी की लाइसेंसी बंदूक से हत्या, पति गिरफ्तार
बिजनौर में छह महीने बाद ससुराल लौटी पत्नी की लाइसेंसी बंदूक से हत्या, पति गिरफ्तार
बिजनौर (उप्र), 15 जून (भाषा) बिजनौर जिले के थाना मंडावली क्षेत्र के गांव मुस्सेपुर में सोमवार अपराह्न करीब तीन बजे एक व्यक्ति ने विवाद के बाद अपनी पत्नी की लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान मीनू (45) के रूप में हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि आरोपी पुष्पेंद्र ने अपनी पत्नी मीनू की पीठ में गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस ने आरोपी पुष्पेंद्र को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। मीनू नवंबर से पति से अलग हरिद्वार में रहकर नौकरी कर रही थी। वह रविवार को ही ससुराल लौटी थी। सोमवार को दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जिसके बाद पुष्पेंद्र ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, मीनू पुष्पेंद्र की दूसरी पत्नी थी। पुष्पेंद्र की पहली पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। मामले की जांच जारी है।
भाषा सं आनन्द सुरभि
सुरभि

Facebook


