सोनभद्र (उप्र), 16 सितंबर (भाषा) सोनभद्र जिले में गुजरात के एक व्यक्ति के लिए फर्जी शादी का इंतजाम करने और उससे एक लाख 60 हजार रुपये की उगाही करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में बुधवार को एक महिला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
रायपुर के थानाध्यक्ष विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान मिर्जापुर की मधु पांडेय के तौर पर हुई है और उसे रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में हिंदूवारी गांव के पास से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि गुजरात के बनासकांठा के राजेश कुमार की शिकायत के अनुसार वह तलाक के बाद दूसरी शादी करना चाहते थे और करीब पांच महीने पहले उनकी मुलाकात मधु से हुई थी।
चौरसिया ने बताया कि मधु ने एक महिला से उनकी शादी कराने का वादा किया और दो लाख रुपये मांगे।
थानाध्यक्ष के अनुसार इसके बाद मधु ने राजेश कुमार को तीन महिलाओं की तस्वीरें भेजीं जिनमें से उन्होंने नेहा पांडेय नाम की महिला को चुना।
चौरसिया ने बताया कि राजेश और नेहा ने एक-दूसरे के फोन नंबर लिये और बातचीत शुरू की ।
थानाध्यक्ष के मुताबिक नेहा ने राजेश को शादी के लिए बुलाया जिसके बाद वह अपने बड़े भाई के साथ वाराणसी के टेंगरा मोड़ पहुंचे।
चौरसिया ने कहा कि शिकायत में कहा गया है कि नौ सितंबर को वह रॉबर्ट्सगंज पहुंचे और अगले दिन नेहा के साथ खलियारी बाजार गए, जहां एक मंदिर में नेहा के साथ उनकी शादी हुई।
उन्होंने बताया कि शादी की रस्मों के बाद नेहा और उसके साथियों ने उनसे दो लाख रुपये मांगे और धमकी देकर एक लाख 60 हजार रुपये ले लिये।
चौरसिया ने बताया कि शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद उन्हें मिठाई खरीदने के लिए खलियारी बाजार भेजा गया और जब वह लौटे तो दुल्हन और बाकी आरोपी भाग चुके थे।
उन्होंने बताया कि उनकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया और बुधवार को मधु पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया।
चौरसिया ने बताया कि पुलिस ने उसके पास से 6,920 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है । उन्होंने कहा कि एक और आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और बाकी लोगों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।
भाषा सं. सलीम राजकुमार
राजकुमार