बिजनौर (उप्र), 30 जून (भाषा) बिजनौर में दुष्कर्म के आरोपी पर कार्रवाई न होने से आहत होकर कथित तौर पर आत्मदाह का प्रयास करने वाली 22 वर्षीय युवती की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
किरतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने 21 जून रात बिजनौर कोतवाली परिसर में खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली थी जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई थी। बाद में उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसने दम तोड़ दिया।
बिजनौर कोतवाली प्रभारी अवनीत मान ने बताया कि युवती ने 2024 में स्वाहेरी गांव के निवासी सौरभ सिंह और उसके परिवार के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था।
हालांकि, तब सबूतों के अभाव में पुलिस ने मामले को बंद कर दिया था। इसके बाद 2025 में युवती ने फिर शिकायत दर्ज कराई कि सौरभ ने संबंध बनाने के बाद उससे शादी करने से इनकार कर दिया है।
इस शिकायत पर पुलिस ने नयी प्राथमिकी दर्ज की, लेकिन आरोपी सौरभ उच्च न्यायालय से अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ स्थगन आदेश ले आया। इस बीच, पुलिस ने अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि 21 जून की रात युवती इस बात पर अड़ी थी कि आरोपी के पिता और चाचा को तुरंत थाने बुलाया जाए।
उन्होंने बताया कि पुलिस उसे अगले दिन उन्हें बुलाने का आश्वासन दे रही थी, लेकिन अचानक युवती ने कोतवाली परिसर में खुद को आग लगा ली।
इस घटना के बाद युवती की मां ने सौरभ और उसके परिजनों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए एक नयी प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी सौरभ और उसका भाई गौरव दोनों सेना में हैं और वर्तमान में कश्मीर में तैनात हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अपनी टीम कश्मीर भेज दी है।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी