बलिया में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, पांच चिकित्सकों पर मुकदमा

Ads

बलिया में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, पांच चिकित्सकों पर मुकदमा

  •  
  • Publish Date - March 23, 2026 / 02:00 PM IST,
    Updated On - March 23, 2026 / 02:00 PM IST

बलिया (उप्र), 23 मार्च (भाषा) बलिया स्थित एक निजी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजन ने अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस मामले में अस्पताल के पांच चिकित्सकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने महिला के पति शिवांशु राय की शिकायत के हवाले से बताया कि सुखपुरा थाना क्षेत्र के देवकली गांव की निवासी उनकी पत्नी अनीषा राय (24) को रविवार दोपहर दो बजे बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के लिए भर्ती कराया गया था।

इसमें कहा गया कि ऑपरेशन के लिए उनसे एक लाख रुपये लिए गए और लेजर विधि से सर्जरी करने की बात कही गई थी, लेकिन पूरे पेट का ऑपरेशन करने के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव से अनीषा की मृत्यु हो गई।

तहरीर में यह भी आरोप है कि घटना को कथित तौर पर छिपाने के लिए अनीषा को तत्काल लखनऊ ले जाने की सलाह दी गई।

महिला की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और हंगामा किया।

पुलिस ने बताया कि परिजन अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए तथा अस्पताल को सील करने एवं मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे।

सूचना मिलते ही अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने इस मामले में विधिक कार्रवाई का आश्वासन देकर रविवार देर रात मामले को शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर डॉ. ज्योत्सना सिंह, डॉ. अपूर्वा सिंह, डॉ. दीपक सिंह, डॉ. संजय सिंह और डॉ. रोहन गुप्ता के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक क्षितिज त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा सं आनन्द खारी

खारी