सहारनपुर में बच्चे का इलाज कराने गई महिला से सामूहिक दुष्कर्म, मौलवी समेत दो आरोपी गिरफ्तार

Ads

सहारनपुर में बच्चे का इलाज कराने गई महिला से सामूहिक दुष्कर्म, मौलवी समेत दो आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 19, 2026 / 07:08 PM IST,
    Updated On - April 19, 2026 / 07:08 PM IST

सहारनपुर, 19 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने नागल के सीडकी गांव की मस्जिद में मौलवी और एक युवक पर नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मयंक पाठक ने रविवार को बताया कि फतेहपुर की पुलिस ने दोनों आरोपियों को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन सिंह को दी गई शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका एक ही बेटा है, जो काफी बीमार है। गांव के ही एक युवक ने 15 अप्रैल को बेटे को मौलवी से झाड़ फूंक कराने की सलाह दी। उसी दिन युवक महिला और उसके बेटे को बाइक पर बैठाकर सीडकी गांव की एक मस्जिद में ले गया।

आरोप है कि वहां मौलवी ने पानी में ताबीज डालकर उसे पीने को दिया, जिसे पीते ही वह बेहोश हो गई जिसके बाद युवक और मौलवी ने उससे दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि उन्होंने घटना के वीडियो भी बनाए तथा फोटो भी खींचे।

पीड़िता के होश में आने पर दोनों ने धमकी दी कि अगर उसने किसी को भी घटना के बारे में बताया तो वे वीडियो वायरल कर मां-बेटे को जान से मार देंगे। इसके बाद युवक उसे गांव के बाहर छोड़कर चला गया। घर पहुंचकर पीड़िता ने पति को पूरी घटना बताई।

इसके बाद दंपति ने एसएसपी अभिनंदन सिंह से मिलकर लिखित शिकायत दी। एसएसपी ने थाना प्रभारी विनय शर्मा को मामले की गहन जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मयंक पाठक ने रविवार को बताया कि फतेहपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को 12 घंटे के भीतर बडूली तिराहा थाना नागल से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौलवी जुनैद निवासी बेलडा जनादार तथा दूसरे आरोपी नदीम ग्राम जीवाला थाना फतेहपुर के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें अदालत में पेश किया जा रहा है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत