शाहजहांपुर में महिला ने लगाया फंदा; वीडियो सामने आने पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Ads

शाहजहांपुर में महिला ने लगाया फंदा; वीडियो सामने आने पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - February 18, 2026 / 07:47 PM IST,
    Updated On - February 18, 2026 / 07:47 PM IST

शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), 18 फरवरी (भाषा) शाहजहांपुर जिले में 38 वर्षीय एक महिला द्वारा कथित पर आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, फंदा लगाने से पहले महिला ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था जिसमें उसने इस कदम के लिए अपने पति को जिम्मेदार ठहराया।

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि सदर बाजार क्षेत्र की निवासी पिंकी शुक्ला ने रविवार को अपने घर में कथित रूप से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस के अनुसार, महिला के पिता राधेश्याम शुक्ला ने शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी बेटी के पति दीपक शुक्ला के एक महिला से कथित तौर पर अवैध संबंध थे और वह उनकी बेटी को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने दीपक शुक्ला, उसकी कथित प्रेमिका तथा राजेश शुक्ला व रमेश शुक्ला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया है।

उन्होंने बताया कि पिंकी शुक्ला द्वारा रिकॉर्ड किया गया करीब नौ मिनट का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर सामने आया।

वीडियो में उसने आरोप लगाया कि उसके पति दीपक शुक्ला का एक महिला से संबंध था और वह महिला दीपक पर पत्नी व बच्चों को छोड़ने के लिए दबाव बना रही थी।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने वीडियो में कहा कि वह जीना चाहती थी, लेकिन 20 साल की शादी में लगातार प्रताड़ना से वह “टूट गई” थी और इसी कारण उसने यह कदम उठाया।

भाषा सं जफर खारी

खारी