गोरखपुर, 12 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह रोडवेज की तेज रफ्तार बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा और ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान स्वाति सिंह (28) के रूप में हुई है, जो अपने ससुर रामप्रताप सिंह और एक वर्षीय बेटे क्रियांश के साथ कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सिसवा शुक्ल गांव से गोरखपुर आ रही थीं। वे बच्चे के इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 10 बजे मेडिकल कॉलेज रोड पर हुई, जब स्टेशन की ओर जा रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्वाति, जो बच्चे को गोद में लिए पीछे बैठी थीं, सिर के बल सड़क पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इस हादसे में शिशु क्रियांश भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि रामप्रताप सिंह को भी चोटें आई हैं। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शाहपुर थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह ने बताया कि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, स्वाति के पति बाहर काम करते हैं और वह अपने ससुर के साथ बच्चे के इलाज के लिए गोरखपुर आई थी।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत