मुजफ्फरनगर, 13 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औद्योगिक श्रमिकों से अपील की है कि वे कोविड-19 महामारी के दौरान ‘डबल इंजन’ सरकार द्वारा दिए गए सहयोग को याद रखें और अशांति फैलाने वालों से सावधान रहें।
मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी नोएडा के कई औद्योगिक क्षेत्रों में सोमवार को हुए श्रमिकों के हिंसक विरोध प्रदर्शन के बीच आई है।
आदित्यनाथ मुजफ्फरनगर में 951 करोड़ रुपये से अधिक की 423 परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने कहा, ‘‘मैं औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत सभी कर्मियों और श्रमिकों से अपील करता हूं कि वे याद करें, कोविड-19 के दौरान सरकार किस तरह उनके साथ खड़ी रही। उस समय हमने उनकी सुरक्षित घर वापसी के लिए परिवहन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं।’’
उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान श्रमिकों को पृथक-वास केंद्रों में रखने और उन्हें हर प्रकार की मुफ्त सुविधाएं देने की व्यवस्था की गई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले राज्य में उद्योगों की स्थिति खराब थी और कानून-व्यवस्था भी कमजोर थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं।
योगी आदित्यनाथ ने श्रमिकों और उद्यमियों दोनों से संवाद बनाए रखने की अपील करते हुए कहा, “कुछ लोग औद्योगिक अशांति फैलाना चाहते हैं, उनसे सावधान रहें और उन्हें सफल न होने दें। हमारी सरकार श्रमिकों और उद्यमियों दोनों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग सर्विस कॉरपोरेशन का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से न्यूनतम मानदेय की गारंटी दी जाएगी और भुगतान सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में किया जाएगा, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस व्यवस्था को आगे चलकर सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों तक विस्तार देने की योजना है, ताकि हर श्रमिक को सामाजिक सुरक्षा मिल सके।
नोएडा के फेज-2, सेक्टर-60, 62 और 84 सहित कई औद्योगिक क्षेत्रों में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन सोमवार को हिंसक हो गया। इस दौरान पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं, जिसमें वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया और संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
पुलिस के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर में स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि हालात नियंत्रण में हैं और सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन ने पहले ही श्रमिकों की मांगों को लेकर फैक्ट्री मालिकों और अन्य पक्षों के साथ बैठकें की थीं तथा नियमों के अनुसार दोगुना ओवरटाइम वेतन, साप्ताहिक अवकाश और बोनस जैसी सुविधाएं देने की घोषणा की थी।
भाषा
अरूनव, जफर राजकुमार रवि कांत